Posts

मैंने तुम्हें ढूँढा है।

Image
 Photo : Dipesh Puri जहाँ नहीं था कुछ  मैंने तुम्हें वहां पाया। मैंने तुम्हें वहां पाया  जहाँ कोने नहीं होते छिपने के लिए  और ना होते हैं दरवाज़े  किसी गए हुए का इंतज़ार करने के लिए। मैंने तुम्हें वहां पाया  जहाँ  नहीं होता इतिहास  किसी को ख़ुदा मानने के लिए,   और ना होते हैं नाम  लकीरों में ढूंढने लिए। वहां, जहाँ सारी सदियां  दम तोड़ रही थी, और हवा रुक कर  खुद सांस ले रही थी । जहाँ समंदर उछल कर  दूह रहे थे  पहाड़ के शिवालय।   लेकिन नदियां नहीं उलझी थी  पाप पुण्य के षणयंत्र में। मैंने तुम्हे वहां पाया  जहाँ खुद तुम नहीं गए,  कभी खुद को ढूंढोगे  तो पाओगे, कि तुमसे पहले मैंने  तुम्हें ढूँढा है। - प्रियंका 
Image
Photo : Pradeep Singh Mawari एक दिन पहाड़ समाधि से उठ बैठेंगे और नदियां मुड़ेंगी  सागर के सफीने को छू कर । उस दिन झीनी सी चांदनी में होगी गर्माहट और आसमान में होगा अक्स ज़मीन का। उस दिन मैं फिर खिलूँगी तुम्हारी बाहों में और गाउंगी कुछ गीत पहाड़ी। हाँ , वो दिन जब तुम "मैं" और "मैं" तुम हो जायेंगे । और  नहीं पड़ेगी ज़रूरत "हम" की राजनीति की ।  - प्रियंका

कल अगर मैं, ग़ुम हो जाऊं

Image
कल अगर मैं  ग़ुम हो जाऊं , तो मुझे ढूंढना  अपनी शर्ट के बटन में  जिन्हें लगाते ही एहसास होगा तुम्हें मेरे आलिंगन का।   अगर ढूंढने आओ  तो ढूंढना  उन पहाड़ों के मुहाने पर  जहां अब भी कैद हैं  तुम्हारे मीठे गीत।   क्या पता उन्हें सुनती हुई  मिल जाऊं मैं तुम्हें  खिली हुई फ्योली की तरह।   कल अगर मैं ग़ुम हो जाऊं ,  तो मत पुकारना मेरा नाम  किसी और की दी हुई चीज़  नहीं संभाल पाउंगी  अपने ग़ुम होने के बाद।  - प्रियंका 

मैं जान चुकी

Image
मैं सावित्री की तरह यमराज के पीछे नहीं चल पाऊँगी। ना सीता की तरह पार कर पाउंगी अग्नि कुंड। मैं पांचाली की तरह विलाप भी नहीं कर पाउंगी। और ना प्रतीक्षा कर पाउंगी अहिल्या की तरह। मैं मीरा की तरह प्रेम भक्ति में भी नहीं शामिल। और ना राधा की तरह वियोग में। मैं तो बस तुम्हे छू के नदी बन जाउंगी, और तुम्हारे जाने के बाद नहीं लगाउंगी आस तुम्हारे पलट के देखने की। नहीं गाउंगी वियोग के गीत और नहीं नापूंगी प्रतीक्षा परीक्षा के अग्नि कुंड। मैं जान चुकी ना तुम मेरे विधाता और ना मैं तुम्हारा भाग्य हम दोनों ही वक़्त  हैं। और खुद कहो गुज़रा हुआ  वक़्त पलट के आया है कभी ? - प्रियंका 

लाल गालों वाली लड़कियां

Image
पहाड़ों की  लाल गालों वाली लड़कियों ,  जब तुम काँधे पर बस्ता टांग  गुज़रती हो सीढ़ीनुमा खेतों के बीचो- बीच  तब तुम्हारे पीछे चल रही होती है माँ की फटकार ,  जो तुम्हें याद दिलाती है कि आज खेतों में गुड़ाई का दिन है।   वहीँ तुम्हारे हाथों में रह जाती है ताज़ा कटे घास की महक   और दो चोटियों में बंधे होते है बुरांश सरीखे फूल। टंगे बस्ते की बदौलत लाल गाल वाली लड़कियां नहर, गदेरों और जंगल से गुज़रते हुए खिलखिला के चलती हैं, और रास्ते में हर पत्थर को छू कर सोये देवता जगाती है। लाल गाल वाली लड़कियां  काँधे पर बस्ता टाँगे चुपके से देखती हैं  उस छवि को भी जिसे देखकर उनके लाल गाल और लाल हो जाते हैं।   जिससे चाह कर भी वो कभी बात नहीं करती लेकिन उसके  नाम के पहले अक्षर को  अपनी हथेलियों  पर सजाती और मिटाती हैं  , क्योंकि उन्हें पता है कि  उनकी डोली उस सामने खड़े पहाड़  को लांघ कर जाएगी। और फिर वो किसी और सीढ़ीनुमा खेतों...

धारा वाला भूत

Image
एक गांव था.. नाम क्या था पता नहीं। तो चलिए इसे एक नाम दे देते हैं , अब कहानी में बिना नाम के काम नहीं चलता।  लेकिन ऐसा किस महा पुरुष ने कहा ?  मुझे तो याद नहीं .. तो चलिए गाँव का नाम रहने ही देते हैं।  तो एक गांव था दूर पहाड़ों के बीच बांज  और बुरांश के जंगलों से घिरा हुआ। लोग कहते थे कि स्वर्ग की यात्रा करते पांडव इस गांव से होकर गुज़रे थे, यहाँ भीम ने अपने हाथों से एक चूल्हा बनाया था।  खैर कहानी ना पांडवों की है और ना उस चूल्हे की। तो चलिए वापस  पहाड़ों के बीच बांज  और बुरांश से घिरे इस गांव में वापस आ जाते हैं, जहाँ कंचे खेलते कुछ लड़के धारा के भूत की बात कर  रहें हैं।  अरे !!! मैंने तो धारा के बारे में आपको बताया ही नहीं।  दरअसल, इस बेनाम गांव से कुछ एक - आध किलोमीटर की दूरी पर धारा थी, बड़े बूढ़ों की माने तो हज़ारों साल पहले इस धारा से अमृत बहता था, जहाँ  देवता अमृत  पीने आते थे।  अब भी गहरी काली रात में पहाड़ों की देवी इस धारा पर अपना कलश भरने आती है और फिर धारा वाले गांव (जिसका नाम रहने ही दीजिये...

पहाड़ और नदी

Image
सर्दी की दोपहरी की धूप बादलों से छुप कर नदी को देखती है, हमेशा की तरह पहाड़ को छू भर के नदी लचकती खिलखिलाती गुज़र रही थी.. कभी उफान मारती तो कभी शांत। पहाड़ जानता था की नदी सागर की है और नदी जानती है कि वो अपनी नियति की, उसे गर कोई मोड़ दे तो वो गांव या शहर की, कोई रोक ले तो किसी बाँध की , कहीं संगम हो जाये तो देवी और बोतल में बंद हो जाये तो नाले की। इन सारी नियतियों में उसे पसंद था सिर्फ बहना..वो भी पहाड़ को छू - छू कर बहना । "लेकिन पहाड़ तो सदियों से नींद में है... कभी न पूरी  होने वाली नींद में । फिर क्यों इसे छूती हो ? कुछ नहीं मिलेगा यहां ..रहने दो सीधा गुज़रो सागर तक। " धूप नदी से कहती है। नदी एक बार और पहाड़ पर अपनी ठंडी बौछार बिखेरती है, और कहती है "ssshhhh पहाड़ सोया नहीं है मेरे आलिंगन में है। इसे बचाये रखा है मैंने जागने से.. ये जाग गया तो ये भी कई नियतियों का शिकार हो जायेगा ..ठीक मेरी तरह ।" पहाड़ खामोशी से सब सुनता है और मुस्कुरा कर नदी की मासूम गर्माहट में चुपके- चुपके थोड़ा- थोड़ा घुल जाता है । धूप स्तब्ध है ...उसने आज प्रेम देखा  :) - प्रियंक...