Posts

वक़्त

Image
तुम्हें भूला नहीं जा सकता तुम्हारे पास मेरा एक लम्बा वक़्त छूटा है। उसी वक़्त का  एक टुकड़ा मैं जाते वक़्त अपनी कोख में छुपा ले आई थी आजकल वो मेरी तकिए के नीचे छुपा  बैठा है । कभी कभी रात में वो चुपके से मेरे बाल सहलाता है और सर के बीचों बीच मांग खींच देता है। लेकिन मांग सूनी रहती है। हमारी सूनी कहानी की तरह। छुपा छुपी का खेल रात भर यूँही चलता है, आँख खुलती है सपना टूटता है चाँद .. एक बिजली के तार पे  लटका है। और तकिए के नीचे वक़्त का टुकड़ा एक दम तुम्हारी तरह ख़ामोशी से सो रहा है।

लक्ष्मण रेखा

Image
त्रेता में जाकर कहना है लक्ष्मण से तुम्हारी खींची रेखा आज भी जीवित है । उसका जीवन अनंत है वो खिंचती चली आ रही है सदियों से । लेकिन जब भी उसे देखा है अपनी धूरी में पाया है । वो जीवित है । सांस  लेती है मेरे साथ कभी माथे की भरी मांग की तरह तो कभी सूनी कोख की तरह । कभी भरी मांग के सूने होने पर और सूनी कोख के भरे होने पर भ्रूण पूछती है । लक्ष्मण ... तुम्हारी रेखा मुझे डराती है. कहती है, मुझे मत लांघना । उस पार दस सिरों का रावण खड़ा है । मैं रावण को खड़ा देखती हूं , और फिर एक सवाल कौंध जाता है लक्ष्मण ... क्यों नहीं खींची ये रेखा तुमने रावण की धूरी में - प्रियंका 
Image
चल पड़ो ... मंजिलों की ओर नहीं मंजिलों से दूर. सिर्फ अपने लिये कहीं चल पड़ो.... चल पड़ो और महसूस करो हर सांस की आंधी को... देखो सोचो और फिर चल पड़ो.... चल पड़ो उस हीर की तरह इश्क के मोहल्ले में , भीड़ में सयानों से दूर चल पड़ो... चल पड़ो.. किसी साथी बिना धधकते आसमां के नीचे आवीरगी की बानगी तक... चल पड़ो.... चल पड़ो.. कि मिलो खुद से और हो जाओ मशगूल ऐसे नहीं जैसे जीत होती है.. लेकिन ऐसे जैसे आलिंगन हो... चल पड़ो... चल पड़ो.. जैसे कोई नहीं देख रहा हो चूमों हवाओं को मिट्टी में नहाओ.. सादगी के गांव में किसी आंचल बगान में बस चल पड़ो.. चल पड़ो..
Image
लंबा सा वक्त जिंदगी का बस यूं ही खर्च हो गया... चलो इस बार पाई -पाई जोड़ उसे घरौंदा बनाते हैं . कुछ किताबें शेल्फ पर बस यूं ही सजी बैठी हैं, चलो इस बार छूकर उसे दुल्हन बनाते हैं ... हर बार घर पर मां को ही लाड़ दिखाते रह गए, चलो इस बार पापा के कंधे दबाते हैं ... पूरा नाम जानकर जो दूरिया बना लेते हैं चलो इस बार उनको ही तनहा कर जाते हैं ... चलो इस बार , चाय बांटते छोटू से नज़रें मिलाते हैं... चलो इस बार... वक्त निकालते हैं चलो इस बार ..थोड़ा रूक ही जाते हैं चलो इस बार  ... इंसान बन जाते हैं प्रियंका
Image
मेरी आखिरी साँसें तेरी बाँहों में न लिखी तो क्या हुआ, इस जिस्म के मिट जाने को ही फनाह होना नहीं कहते। मेरी हर सुबह  तेरे नाम न लिखी तो क्या हुआ आँखों के खुल जाने को ही जाग जाना नहीं कहते। मेरे मांझी मेरी नय्या किसी और को न देना दो आंसू बहाने को ही इंतज़ार नहीं कहते। प्रियंका

घर नहीं देखा

Image
बहुत दिन हो गए घर नहीं देखा कुछ देखा तो वो था कल रात का स्वप्न माँ बाल बना रही थी और नन्ही मैं उनके बगल में बैठी  उन्हें निहारती सोचती हुई कि कब आउंगी इस जगह कब पहनूंगी ये चूड़ियाँ और छन छन करते पूरे घर में दूंगी अपने होने का अहसास। अचानक पैर में चुभ जाती है माँ की कुछ टूटी चूड़ियाँ और पापा भाग कर गोद में उठा लेते हैं मुझे। पापा.... गालों में उस भंवर के साथ वर्दी के खूबसूरत सितारों में सिमटे, कितने जवान लगते हैं। अब तो ज़िन्दगी ने वक़्त की कुछ झुर्रियां दे दी हैं। और मुझे यादों का सावन। चलो सावन जल्दी जाना, बहुत दिन हो गए हैं ना... घर नहीं देखा। प्रियंका
आँखों  में  बादल लिये इंतज़ार करती हैं मेरे आने पर बोसा  बहार करती हैं प्यारी सी गुड़िया वो ठुम - ठुम चलती हैं,   दूधते हुए वो पगली मल्हार गाती है।   इकलौती अपनी चिमनी मे दो चाँद  बनाती है चूल्हे की खुशबू से सनकर मुझको खिलाती है।  टेढ़ी मेढ़ी झुर्रियों से  यादें हज़ार  चुनती हैं यादों के किस्सों का थपकाव करती हैं।   छोटी सी पुड़िया वो मेरी  पहाड़ों में खेली है  हलकी सी  मेरी छींक पर   नज़र उड़ेली है।   जुग जुग के आशीष संभाले  मेरा इंतज़ार  करती हैं मेरी दादी  नन्ही सी बोसा बहार करती हैं।  प्रियंका गोस्वामी